अमृतसर के अकाल तख्त सचिवालय से नानकशाही कैलेंडर रिलीज करते श्री अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी हर?
- फोटो : AMRITSAR
श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने तीन बार संशोधित हो चुके नानकशाही कैलेंडर (2020-2021) को शुक्रवार को जारी कर दिया। नानकशाही कैलेंडर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के 100वें स्थापना दिवस को समर्पित है। छह पेज के इस कैलेंडर में एसजीपीसी द्वारा संचालित ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिबान, तख्त साहिबान स्कूल, कॉलेज, गुरमति विद्यालय, मिशनरी कॉलेज, मेडिकल और इंजीनियर कॉलेज की तस्वीरें प्रकाशित की गई हैं।
इस अवसर पर ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने संगत से अपील की कि वह इस कैलेंडर के अनुसार ऐतिहासिक दिवस गुरुपर्व का आयोजन करें। सिख पंथ आगामी शताब्दी कार्यक्रमों का आयोजन बड़े शानदार ढंग से करेगा। इस अवसर पर बाबा बलबीर सिंह, बाबा अवतार सिंह सुरसिंघ वाले, भाई राजिंदर सिंह मेहता, मंगविन्दर सिंह, अमरजीत सिंह चावला, भाई राम सिंह, अजैब सिंह, गुरिंदर पाल सिंह गोरा मौजूद थे।
बता दें कि नानकशाही कैलेंडर के अनुसार 14 मार्च से नए वर्ष का आगाज होता है। 2003 को तख्त श्री केशगढ़ साहिब से तत्कालीन जत्थेदार अकाल तख्त साहिब ज्ञानी जोगिंदर सिंह वेदांती द्वारा जारी किए गए इस कैलेंडर का विवादों से गहरा नाता रहा है। मूल नानकशाही कैलेंडर को तीन बार संशोधित किया गया है जिस कारण कुछ गुरुपर्वों की तारीखों को लेकर मूल नानकशाही कैलेंडर व संशोधित कैलेंडर में विवाद है। पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी मूल नानकशाही कैलेंडर के अनुसार गुरुपर्व का आयोजन करती है। नानकशाही कैलेंडर पाल सिंह पुरेवाल ने बनाया था।