बोले- सिख कत्लेआम के दोषी के घर अफसोस के लिए जाना गलत था, जत्थेदार ने कहा- दूसरे नेता भी लें सीख
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने सिख कत्लेआम के दोषी पूर्व कांग्रेस नेता सज्जन कुमार के घर अफसोस के लिए जाने पर शुक्रवार को श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचकर माफी मांगी। बिधूड़ी ने जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज के समक्ष पेश होकर अपना पक्ष रखा और गुरु साहिब के समक्ष नतमस्तक होकर क्षमा याचना की। उन्होंने स्वीकार किया कि सिख कत्लेआम के दोषी व्यक्ति के घर अफसोस के लिए जाना गलत था।
बिधूड़ी ने श्री अकाल तख्त साहिब सचिवालय में जत्थेदार को अपना माफी पत्र सौंपा। उन्होंने पांच सितंबर को भी लिखित रूप से क्षमा याचना भेजी थी। शुक्रवार को व्यक्तिगत रूप से पेश होकर उन्होंने अपनी गलती के लिए माफी मांगी। बिधूड़ी ने कहा कि वह सज्जन कुमार के सिख कत्लेआम में दोषी होने के कारण हमेशा उनके विरोध में बोलते रहे हैं।
अगस्त में सज्जन कुमार के निधन के बाद बिधूड़ी समेत भाजपा के तीन सांसद उनके घर शोक जताने पहुंचे थे। इस पर सिख संगठनों ने आपत्ति जताई थी। बिधूड़ी ने कहा कि वह सहयोगियों के कहने पर वहां गए थे और उनका उद्देश्य धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने 1984 के दंगों के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग किए जाने का भी उल्लेख किया। इस दौरान शिरोमणि अकाली दल की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष परमजीत सिंह सरना भी अकाल तख्त साहिब सचिवालय में मौजूद रहे।
सिख संगठनों की आपत्ति के बाद बिधूड़ी ने पांच सितंबर को श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार को लिखित माफीनामा भेजा था। इसमें सज्जन कुमार के घर जाने को अपनी भूल बताया था। शुक्रवार को वह खुद अकाल तख्त साहिब पहुंचे और जत्थेदार के समक्ष पेश होकर माफी मांगी।
तीन भाजपा सांसद गए थे सज्जन कुमार के घर
अगस्त में सज्जन कुमार के निधन के बाद बिधूड़ी समेत भाजपा के तीन सांसद उनके घर शोक जताने पहुंचे थे। इस पर सिख संगठनों ने आपत्ति जताई थी। बिधूड़ी ने सफाई दी थी कि वह सहयोगियों के कहने पर वहां गए थे। उनका धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई मकसद नहीं था।
जत्थेदार बोले- अन्य नेताओं को भी बिधूड़ी से सीख लेनी चाहिए
जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने कहा कि यह अच्छी बात है कि सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने अपनी गलती को महसूस करते हुए श्री अकाल तख्त साहिब से माफी मांगी है।
जत्थेदार ने कहा कि कई अन्य राजनीतिक नेता, विशेष रूप से कांग्रेस से जुड़े नेता भी सज्जन कुमार के घर गए थे। उन्होंने कहा कि इन नेताओं को भी सांसद बिधूड़ी की तरह अपनी गलती को समझते हुए सिख समुदाय से माफी मांगनी चाहिए।