कैबिनेट मंत्री का कहना अजनाला की सड़कों के लिए उन्होंने केंद्रीय मंत्री से बैठक कर जारी करवाई राशि, वहीं सांसद औजला ने इस प्रोजेक्ट को बताया अपनी कोशिश
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। बीते कुछ वर्षों से अजनाला की सड़कें खस्ता हालत में हैं। किसी भी नेता व अधिकारी का ध्यान इन सड़कों पर नहीं गया, लेकिन बीते कुछ दिनों से अमृतसर से कांग्रेस के सांसद गुरजीत सिंह औजला और कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल में इस मार्ग को लेकर एक क्रेडिट वार छिड़ी है। इसके बाद दोनों नेता तो आपस में आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं, लेकिन अजनाला में एक कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा भारी गड्ढों को भरना शुरू कर दिया गया है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को सांसद औजला सरकारी अधिकारियों को लेकर राजासांसी से रमदास तक बन रहे हाईवे का जायजा लेने पहुंचे थे जहां उन्होंने इस प्रोजेक्ट को अपनी मेहनत का रंग बताया। अगले ही दिन शनिवार को कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल द्वारा मेन हाईवे छोड़ बाकी की रह गई सड़कों को अपनी मेहनत बताते हुए कुछ कागजात दिखाए गए। उन्होंने कहा कि उन्होंने ही केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी से विशेष बैठक रख इस मार्ग सहित धुस्सी बांध व अन्य दो मार्गों के लिए करोड़ों की राशि जारी करवाई। वे किसी सांसद को नहीं जानते, अगर क्षेत्र का कोई सांसद है तो वह पिछले करीब चार वर्षों से कहां थे और क्षेत्र के लोगों के लिए उन्होंने क्या किया।
सांसद गुरजीत सिंह औजला ने तुरंत पलटवार करते हुए अजनाला में पहुंचकर खुलासा किया कि राजासांसी से रमदास हाईवे पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार के सत्ता में आने से पहले व कुलदीप सिंह धालीवाल के कैबिनेट मंत्री बनने से पहले का पास हुआ है। उन्होंने कहा कि यह रोड अजनाला, गगोमहल, थोबा व आवन गांव के बाहर से निकलेगी लेकिन कानून के मुताबिक इनको बनाने का काम नेशनल हाईवे अथॉरिटी का ही होता है वह हाईवे पूरा होने के बाद इसे बनाते हैं लेकिन उनके द्वारा केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी से विनती कर इसे पहले बनाने के लिए कहा है। औजला ने कहा कि धालीवाल बताएं कि उनकी सरकार ने क्षेत्र के विकास पर कितने पैसे खर्च किए हैं। दोनों नेताओं की क्रेडिट वार के बीच लोगों को कुछ राहत मिली है और रविवार से ही इलाके की सड़क के बड़े गड्ढो को भरने का काम शुरू हो गया है।