सीमावर्ती कस्बा अजनाला में मेडिकल स्टोर के मालिक ने खारिश रोकने के लिए एक बच्चे गुरमेज सिंह (9) को टीका लगा दिया। टीका लगाए जाने के बाद बच्चे की मौत हो गई है। बेटे की मौत से गुस्साए परिजनों ने अजनाला चौक पर गुरमेज का शव रखकर प्रदर्शन किया। मीडिया से बात करते हुए गुरमेज सिंह के पिता अमरजीत सिंह ने बताया कि उनके बेटे को खारिश थी। इलाज के लिए वह अजनाला के मेडिकल स्टोर में गए। वहां के मालिक को गुरमेज की खारिश के बारे में जानकारी दी। उसने गुरमेज को देखा और इलाज के लिए टीका लगाने के लिए कहा। उन्होंने इसकी अनुमति दी। टीका लगाने के बाद वह गुरमेज को घर ले गया। थोड़ी देर बाद उसका बदन लाल हो गया। बेटे ने रात बड़ी मुश्किल से काटी। दूसरे दिन वह बेटे को फिर मेडिकल स्टोर इलाज के लिए ले गया। इस दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई। यह देख कर वह बेटे को इलाज के लिए अमृतसर जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अमरजीत ने प्रशासन से मांग की है कि उसके बच्चे की मौत के जिम्मेदार मेडिकल स्टोर के मालिक के विरुद्ध कानूनी करवाई की जाए। मौके पर पहुंचे डीएसपी अजनाला विपन कुमार ने गुरमेज के परिजनों को विश्वास दिलाया की पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद मेडिकल स्टोर के खिलाफ करवाई की जाएगी। पुलिस ने 174 के तहत करवाई करते हुए शव परिजनों को सौंप दिया है।