अमृतसर में हेरिटेज स्ट्रीट में एक बार फिर नकली फोटोग्राफरों की गुंडागर्दी सामने आई है। दो दिन पहले हुई वारदात में छह से अधिक नकली फोटोग्राफरों ने हमला कर एक युवा निहंग को बुरी तरह से जख्मी कर दिया। गंभीर हालत में निहंग बलजीत सिंह को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
बलजीत सिंह पर यह हमला करीब डेढ़ माह पहले फतेहगढ़ चूड़ियां के गांव शकरी के युवकों पर इसी तरह का हमला किए जाने संबंधी पुलिस को सूचना दिए जाने के शक में किया गया है।
यह भी पढ़ें: 65 लोगों की जान बचाने वाले 'कैप्सूल मैन'...जिसे पर्दे पर ला रहे अक्षय कुमार
बलजीत सिंह ने बताया कि हेरिटेज स्ट्रीट में नकली फोटोग्राफरों और नकली निहंगों ने मिल कर शनिवार देर रात वारदात को अंजाम दिया है। करीब डेढ़ माह पहले भी इन्हीं नकली फोटोग्राफरों और नकली निहंगों की तरफ से फतेहगढ़ चूड़ियां के गांव शकरी के कुछ युवकों पर हमला किया गया था। पुलिस ने उनमें से कुछ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। अब वे लोग इस कार्रवाई के लिए उन पर शक करते थे और इसके संदेह में ही शनिवार देर रात करीब एक बजे आठ-दस लोगों ने हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि हमलावरों में से कुछ लोगों को वह जानते हैं, जिनमें दीप, बिकर, मनी, लव शामिल हैं। कुछ लोगों ने मुंह बांध रखे थे। वह भाग कर एक दुकान, जहां उसके शस्त्र पड़े थे, लेने गया, तो आरोपियों ने दुकान के बाहर पड़ी कांच की बोतलों से हमला कर दिया। उसने दुकान में काउंटर के नीचे छुप कर अपनी जान बचाई। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शिवदर्शन सिंह ने बताया कि जांच अधिकारी को बयान लेने भेजा गया है। जख्मी जो भी बयान देगा, उसके आधार पर कार्रवाई कर दी जाएगी।