गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी और कोटकपूरा गोलीकांड मुद्दे पर हाईकोर्ट की ओर से दिए गए फैसले के विरोध में लोक इंसाफ पार्टी (लिप) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को अमृतसर डीसी कार्यालय में हाईकोर्ट के फैसले की प्रतियां जलाईं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर लोक इंसाफ पार्टी के जिला अध्यक्ष सुखजिंदर सिंह महू ने कहा कि पंजाब सरकार ने बड़े ही मीठे ढंग से इस बेअदबी कांड को दबाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि जब यह कांड हुआ था तब बादल सरकार ने इसकी जांच के लिए जोरा कमीशन बनाया था। वह भी इस मामले में फेल रहा, जिसके बाद कैप्टन सरकार आई तो जांच सीबीआई को सौंपी। कुछ दिन बाद सीबीआई से जांच वापस लेते हुए जस्टिस रणजीत सिंह आयोग बनाया गया। सिखों की भावनाओं को फिर भी इंसाफ नहीं मिला। जिसके बाद कुंवर विजय प्रताप सिंह वाली एसआईटी का गठन किया गया। जिस पर हाईकोर्ट ने कुंवर विजय प्रताप की रिपोर्ट को खारिज कर नई एसआईटी बनाने का फैसला सुनाया। यह सरासर गलत है। गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी व कोटकपूरा गोलीकांड पर हाईकोर्ट का फैसला राजनीति से प्रेरित है। लोक इंसाफ पार्टी और विभिन्न सिख जत्थेबंदियां इसका विरोध करती हैं। इसलिए शुक्रवार को डीसी कार्यालय में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हाईकोर्ट के फैसले की प्रतियां जलाईं। इस मौके पर कुलबीर सिंह दासुवालिया सरजू अजय सिंह लखबीर सिंह व अन्य मौजूद थे