हुसैनीवाला बार्डर पर फ्लोटिंग लाइट एंड साउंड शो का निरीक्षण करते अधिकारी।
प्रदेश सरकार की तरफ से श्री गुरु नानकदेव जी के 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित फ्लोटिंग लाइट एंड साउंड शो का आयोजन भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय हुसैनीवाला बार्डर (फिरोजपुर) में 30 नवंबर से 1 दिसंबर तक किया जा रहा है। कार्यक्रम में गुरु साहिब जी के जीवन, उदासियों और उपदेशों से संगतों को रूबरू करवाने के लिए रोजाना दो-दो शो करवाए जाएंगे।
पहला शो शाम छह बजे से 6.45 बजे और दूसरा शो रात 7.15 बजे से 8 बजे तक करवाया जाएगा। यह जानकारी डिप्टी कमिशनर चंद्र गैंद ने हुसैनीवाला में फ्लोटिंग लाइट एंड साउंड शो की तैयारियों का जायजा लेने के बाद पत्रकारों को दी। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि अति-आधुनिक तकनीकों वाले इस शो में गुरू साहिब के जीवन वृत्तांत को रोशनी व आवाज के सुमेल से दृश्यमान किया जाएगा।
30 नवंबर से 1 दिसंबर तक शाम को गुरु साहिब के जीवन और शिक्षाएं आधारित ये कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें रंगदार दृश्य प्रस्तुतीकरण, अति -आधुनिक लेजर तकनीक और विलक्षण ध्वनियों वाले 45 मिनट के दो कार्यक्रम होंगे। उन्होंने जिला फिरोजपुर के समूह निवासियों को न्योता दिया कि वह इस विलक्षण नजारे का गवाह बनने के लिए बढ़ चढ़कर पहुंचें। संगतों के लिए दाखिला बिल्कुल मुफ्त है और लोग अपने परिवार समेत कार्यक्रम में पहुंच सकते हैं। संगत के लिए लंगर का प्रबंध भी किया जाएगा।
डिप्टी कमिश्नर गैंद और एसएसपी विवेक एस सोनी ने समूह विभागों को निर्देश दिए कि इस लाइट एंड साउंड शो प्रोग्राम की तैयारियों में कोई कोताही न की जाए और हर एक अधिकारी की तरफ से अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी के साथ निभाई जाए। इस मौके पर सचिव रेडक्रास अशोक बहल, बी.डी.ओ. सुरजीत सिंह और सेनेटरी इंस्पेक्टर सुखपाल सिंह समेत अलग-अलग विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।