रमदास पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया गैर इरादतन हत्या का केस
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। मां के सामने नशे का इंजेक्शन देकर उसके लाल को कुछ लोगों ने हमेशा के लिए छीन लिया। इस मामले में रमदास पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मामले में कुल चार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। वहीं मृतक की मां का रो रोकर बुरा हाल है। मां का कहना है कि उसके सामने ही उसके बेटे को इंजेक्शन देकर मार डाला गया।
रमदास थाना के तहत गगोमाहल गांव में शनिवार को दोपहर यह घटना हुई। पता चलते ही पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। सब-इंस्पेक्टर गुरइकबाल सिंह ने बताया कि गगोमाहल गांव निवासी अमृतपाल सिंह की पत्नी बलजीत कौर और उसके रिश्तेदार बलविंदर सिंह को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। दो अन्य की तलाश की जा रही है।
गगोमाहल गांव निवासी गुरप्रीत सिंह की पत्नी अर्शदीप कौर की शिकायत पर बलराज सिंह, परमजीत सिंह, बलजीत कौर और बलविंदर सिंह पर केस दर्ज किया है। अर्शदीप कौर ने पुलिस को बताया कि उसका पति नशे का आदी था, जिसका कई बार इलाज भी करवाया, लेकिन पति की नशे की लत बढ़ती जा रही थी। वह अपने तीन बच्चों को मेहनत मजदूरी कर पालती है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि सभी आरोपी नशीला पदार्थ बेचते हैं। उसका पति गुरप्रीत सिंह पहले भी नशा लाकर सेवन करता रहा है। उसकी सास और गुरप्रीत की मां सविंदर कौर ने आरोपियों के घर कई बार जाकर बेटे को नशा न देने के बारे में शिकायत भी की।
शनिवार को उसका पति गुरप्रीत सिंह नशा लेने आरोपियों के घर पहुंच गया। कुछ देर बाद सास सविंदर कौर बेटे का पता लगाने के लिए उसके पीछे चली गई। सास ने आरोपियों के घर जाकर देखा कि परमजीत सिंह गुरप्रीत को चारपाई पर बिठाकर उसकी कलाई में टीका लगा रहा था। यह देख मां घबरा गई और आरोपियों को रोका तो वे मारपीट पर उतारू हो गए। इस दौरान गुरप्रीत की तबीयत बिगड़ गई और वह चारपाई पर गिर पड़ा। यह देख आरोपी अपने घर से फरार हो गए। अर्शदीप कौर ने बताया कि कुछ देर बाद वह भी आरोपियों के घर पहुंच गई, लेकिन तब तक उसके पति की मौत हो चुकी थी।