अमृतसर में खालिस्तानी गतिविधियों को अंजाम देने वाले कुछ आतंकियों को गिरफ्तार करने के विरोध में पंजाब एकता पार्टी के अध्यक्ष व विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह को एक ज्ञापन सौंपा है। पुलिस ने इन आरोपियों पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) एक्ट लागू किया है। इससे आहत खैरा पहले मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह व गवर्नर बीपी सिंह बदनौर को भी मांग पत्र भेज चुके हैं।
खैरा ने आरोप लगाया कि पुलिस ने आतंकवाद के नाम पर जिन युवकों को गिरफ्तार किया है, वह सभी दलित भाईचारे के हैं। तीन वर्षों से इस कानून के अंतर्गत पंजाब पुलिस ने 47 मामले दर्ज किए हैं। अपने साथ इस कानून से प्रभावित परिवारों को श्री अकाल तख्त लेकर आए खैरा ने कहा कि जिन नौजवानों को अरेस्ट किया गया है, वह उन गांवों में गए हैं। लोगों से बातचीत कर इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि इन नौजवानों का आतंकवाद से कोई वास्ता नहीं है। इस अवसर पर पूर्व सांसद धर्मवीर गांधी सहित कई खैरा समर्थक मौजूद थे।