असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए एक दिन की कस्टडी पैरोल मिल गई है।
सांसद के वकील एडवोकेट हरजोत सिंह मान ने बताया कि फिलहाल अदालत के पुराने आदेश ही प्रभावी हैं, जिसके तहत 14 तारीख को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक अमृतपाल सिंह को अंतिम संस्कार की रस्मों के लिए परिवार के साथ रहने की अनुमति दी गई है।
एडवोकेट बोले-दो दिन की पैरोल मिलनी चाहिए थी
एडवोकेट हरजोत सिंह मान ने बताया कि उन्होंने 15 दिनों की कस्टडी पैरोल की मांग की थी, लेकिन सरकार की ओर से केवल एक दिन की ही मंजूरी दी गई है। उन्होंने इस पर असंतोष जताते हुए कहा कि इसे कोई बहुत बड़ी राहत नहीं कहा जा सकता। मान ने तर्क दिया कि अमृतपाल सिंह करीब तीन साल बाद इतनी दूर डिब्रूगढ़ से पंजाब आ रहे हैं, ऐसे में कम से कम दो दिन की पैरोल जरूर मिलनी चाहिए थी। उन्होंने भावुक पक्ष रखते हुए कहा कि उनकी दादी लंबे समय से बिस्तर पर थीं और उनकी यह दिली इच्छा थी कि उनका पोता अमृतपाल सिंह ही उनकी चिता को मुखाग्नि दे। इसके अलावा, सिख धर्म की मर्यादा के अनुसार अंतिम अरदास में शामिल होना भी बेहद जरूरी होता है।
अंतिम अरदास में शामिल होने के लिए दायर की गई नई अर्जी पर जानकारी देते हुए वकील ने कहा कि 17 तारीख के लिए लगाई गई एप्लीकेशन फिलहाल होल्ड पर है और उस पर अभी सुनवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कल सुबह ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश होकर इस अर्जी पर जल्द सुनवाई के लिए फिर से अनुरोध किया जाएगा।
परिवार खर्च वहन करने को तैयार
अमृतपाल सिंह को डिब्रूगढ़ से पंजाब लाने की व्यवस्था और खर्च के सवाल पर एडवोकेट मान ने स्पष्ट किया कि उन्हें किस माध्यम से—विशेष विमान या चॉपर से—लाया जाएगा, इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से जेल प्रशासन की है। उन्होंने याद दिलाया कि पिछली बार जब उन्हें शपथ ग्रहण के लिए लाया गया था, तब विशेष चॉपर की व्यवस्था की गई थी। जहां तक यात्रा और सुरक्षा के खर्च का सवाल है, तो परिवार वहन करने के लिए पूरी तरह तैयार है, हालांकि सरकार की ओर से अभी तक खर्च का कोई एस्टीमेट नहीं दिया गया है। जैसे ही प्रशासन की तरफ से राशि बताई जाएगी, परिवार आदेशानुसार उसे जमा करवा देगा।
अंत में वकील हरजोत सिंह मान ने यह भी स्पष्ट किया कि परिवार का यह अटल फैसला है कि दादी का अंतिम संस्कार अमृतपाल सिंह के आने के बाद ही किया जाएगा। इसके साथ ही अमृतपाल सिंह के चाचा और भांजे की पैरोल को लेकर उन्होंने कहा कि इस पर भी अंतिम फैसला जेल अथॉरिटी को ही लेना है। कुछ समय पहले ही जेल प्रशासन के माध्यम से अमृतपाल सिंह से उनकी बातचीत हुई है और सभी को आज उनके आने का इंतजार है।