तख्त श्री पटना साहिब प्रबंधक कमेटी के जत्थेदार ज्ञानी रंजीत सिंह गोहर के विरुद्ध टिप्पणियां करने के बाद तनखैया घोषित किए कमेटी सदस्य हरपाल सिंह जौहल रविवार सुबह तख्त पटना साहिब में पांच सिंह साहिबान के सामने पेश हुए। हरपाल सिंह ने जत्थेदार श्री पटना साहिब रंजीत सिंह गोहर सहित पांच सिंह साहिबान के सामने पेश होकर लिखित माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनसे जाने-अनजाने में गलती हुई है, उसके लिए वह क्षमा प्रार्थी हैं। उन्होंने पांच सिंह साहिबान से गुहार लगाई कि उन्हें लगाई तनख्वाह से मुक्त किया जाए। पांच सिंह साहिबान ने एक गुरमत्ता (धार्मिक प्रस्ताव) पारित कर उनको धार्मिक सजा लगाई। साथ ही आदेश दिए कि जब भी वह इस सजा को पूरी कर लेंगे, उन्हें तुरंत दोष मुक्ति पत्र दिया जाएगा। बता दें कि हरपाल सिंह ने एक वीडियो जारी कर जत्थेदार गोहर की विरुद्ध टिप्पणियां की थी। स्थानीय सिख संगत में इन टिप्पणियों को लेकर भारी रोष था।