पंजाब इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो के आठवें संस्करण पीएचडी पीआईटीईएक्स 2013 का आयोजन अमृतसर में होगा।
पंजाब में व्यापारिक सफलता की अधिक संभावनाओं को देखते हुए पीएचडी चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री का पांच दिवसीय स्टेट इवेंट 5 दिसंबर से 9 दिसंबर 2013 तक होगा।
इसमें व्यापारिक संबंधों को बढ़ाने पर चर्चा होगी। पंजाब पीएचडी चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन राजीव बाली ने कहा कि पंजाब सबसे अधिक व्यक्तिगत आमदन वाले राज्यों में है।
पंजाब सरकार औद्योगीकरण और निवेश को उत्साहित कर रही है। इसलिए पंजाब के लिए सही समय है। वह उद्योग और निवेश में अपने आपको दुनिया का एक आदर्श जगह बनाए।
कारपोरेट क्षेत्र और एमएसएमईज के लिए अनेकों मौके मुहैया करवाने के संबंध में पीएचडी चैंबर की वचनबद्धता के बारे में बाली ने कहा कि पीआईटीईएक्स नेटवर्क बढ़ाने और बिजनेस के मौके तलाशने में मदद करता है। इसमें वह भारत और विदेशी कंपनियों के साथ मिलकर उत्पादों और तकनीकों की प्रदर्शनी कर सकते हैं।
बाली ने कहा कि पीएचडी चैंबर ने राजदूतों और केंद्रीय एशियाई देशों के व्यापारिक सलाहकारों को इसमें आमंत्रित किया है।
उन्होंने कहा कि पीआईटीईएक्स 2012 में उत्तरी भारत में व्यापार और उद्योग ने घाना, दक्षिण अफ्रीका, यूएई, थाईलैंड, मिस्र, लेबनान, चीन, श्रीलंका, नेपाल, म्यामांर, पोलैंड, ईरान, मलयेशिया, वियतनाम और पाकिस्तान के अलावा अन्य कई हिस्सेदार देशों के साथ अच्छे संबंध बनाए।
पीएचडी चैंबर की डिप्टी डायरेक्टर सुरजीत कौर ने कहा कि पंजाब की औद्योगिक संस्थाओं ने पाकिस्तान से आने वाले 11 चैंबर्स आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की है। उन्होंने कहा कि ट्रेड एक्सपो छह साल से रणजीत एवेन्यू अमृतसर में आयोजित किया जा रहा है।