अमृतसर में लाहौर चैंबर आफ कामर्स के नेता सोहेल लाशरी ने कहा कि भारत-पाकिस्तान एक नया व्यापारिक क्षेत्र बनाने तथा टैरिफ सीमाओं को खत्म करने के लिए उत्साहित हैं।
सोहेल पाकिस्तान के ट्रेड डेलीगेशन के प्रमुख हैं। उन्होंने शनिवार को पीएचडी चैंबर आफ कामर्स की ओर से आयोजित भारत-पाकिस्तान के चैंबरों की बैठक को संबोधित किया। इस दौरान मुख्य मेहमान पंजाब के उद्योग मंत्री मदन मोहन मित्तल थे।
सोहेल ने कहा कि इस डेलीगेशन में हिस्सा लेने का मकसद भारत-पाकिस्तान के बीच नये ट्रेड एवेन्यू स्थापित करना है और उन्हें एक रूटीन इंटरनेशनल ट्रेड पार्टनर बनाना है।
पीएचडी चैंबर के चेयरमैन राजीव बाली ने कहा कि हम पाकिस्तान के उद्योग और ट्रेडिंग भाईचारे से मिले रिसपांस की सराहना करते हैं। उद्योग मंत्री मित्तल ने खुले व्यापार को उत्साहित किया। उन्होंने कहा कि आईसीपी में व्यापारियों की बहुत सारी चिंताओं को 2014 तक खत्म कर दिया जाएगा।
पाकिस्तान के व्यापार मंत्री नईम अनवर दोहरे व्यापार को बढ़ाने के लिए हो रही कोशिशों की सराहना की। अनवर ने कहा कि पिछले 4-5 साल के दौरान व्यापार में हुआ विकास पिछले 60 साल में संभव नहीं हुआ था।
यह सब व्यापारियों के हितों के लिए बनाई वीजा पालिसी के विकास के कारण ही संभव हुआ है। इस कारण वह 10 शहरों के लिए कई वीजे ले सकते हैं। पाकिस्तानी मंत्री ने मित्तल को कहा कि भारत पाकिस्तान में निवेश को बढ़ाने के लिए जरूरी कोशिशें करनी चाहिएं।