तरनतारन। डिप्टी कमिश्नर राहुल के निर्देश पर सिविल सर्जन डॉ. गुरप्रीत सिंह राय की अगुवाई में गठित विशेष जांच टीम ने बूह हवेलियां स्थित सेफ लाइफ रिहैबिलिटेशन सेंटर पर छापा मारकर गैर-कानूनी तरीके से चल रहे नशा छुड़ाओ केंद्र का भंडाफोड़ किया। टीम में डिप्टी मेडिकल कमिश्नर डॉ. रूपम चौधरी, तहसीलदार अकविंदर कौर सहित स्वास्थ्य व पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल थे।
जांच में पाया गया कि सेंटर बिना अनुमति, बिना रजिस्ट्रेशन और बिना प्रशिक्षित स्टाफ के संचालित हो रहा था। मरीजों की देखभाल, सुरक्षा और उपचार संबंधी बुनियादी मानकों का भी गंभीर उल्लंघन पाया गया। कार्रवाई के दौरान जबरन भर्ती कराए गए आठ मरीजों को सुरक्षित निकालकर सरकारी नशा मुक्ति केंद्र में भेजा गया, जहां उनका उचित इलाज किया जा रहा है। प्रशासन ने सेंटर को तुरंत सील कर दिया और संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सिविल सर्जन ने कहा कि पंजाब सरकार की नशे के खिलाफ जंग को मजबूत करने के लिए ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी। संवाद