सीमा पर तीन जगह से 10 किलो से अधिक नशा बरामद
घरिंडा और महावा क्षेत्र में बीएसएफ ने की कार्रवाई, तीनों मामलों में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे अमृतसर सेक्टर में नशा तस्करी की कोशिशों के बीच बीएसएफ के जवानों ने तीन अलग-अलग मामलों में 10 किलो से अधिक नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। बरामद खेप में 9 किलो 315 ग्राम हेरोइन और एक किलो से अधिक आइस ड्रग (मेथामफेटामाइन) शामिल है। तीनों मामलों में अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। बीएसएफ अधिकारियों की शिकायत पर अमृतसर देहात पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पहला मामला घरिंडा क्षेत्र का है। यहां बीएसएफ की 200 वीं बटालियन के जवानों ने खेतो में तलाशी के दौरान लावारिस हालत में एक किलो सात ग्राम आइस ड्रग बरामद की। सुरक्षा बलों ने नशीले पदार्थ की खेप को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले कर दिया।
दूसरी बरामदगी सीमा के नजदीक राजाताल के पास महावा क्षेत्र में हुई। यहां गश्त के दौरान बीएसएफ जवानों को 4 किलो 490 ग्राम हेरोइन मिली। इसी इलाके में अलग से की गई कार्रवाई के दौरान 4 किलो 825 ग्राम हेरोइन की एक अन्य खेप भी बरामद हुई।
सीमावर्ती क्षेत्र में तीन स्थानों से नशीले पदार्थों की बरामदगी के बाद पुलिस तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।