अमृतसर के गांव ईसापुर में एक विवाहिता ने अपने पति पर दहेज के लिए जमीन की मांग करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी पति और और उसके परिजनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना के आरोप में मामला दर्ज कर लिया।
गांव मानवाला निवासी हरजिंदर कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उसकी शादी 2007 में जगजीत सिंह निवासी गांव ईसापुर के साथ हुई थी। शादी में उसके पिता जागीर सिंह ने हैसियत से अधिक खर्च किया और दहेज भी दिया।
शादी के बाद उसका पति, ससुर गुरनाम सिंह, सास अनूप कौर, देवर दलजीत सिंह, जगजीत सिंह, जगदीप सिंह, ननद राज कौर, हरजीत कौर और मनजीत कौर उसे दहेज कम लाने के लिए परेशान करने लगे। उसके पिता ने उसके हिस्से की जमीन उसको दे दी है।
पति और ससुराली उसे यह जमीन पति के नाम पर करने के लिए दबाव डालने लगे। विरोध करने पर पति ने उसे छह माह पहले घर से निकाल दिया। इस पर उसने एसएसपी अमृतसर देहाती को शिकायत दी। डीएसपी राजासांसी जगतप्रीत सिंह ने मामले की जांच के बाद रविवार को आरोपियों के खिलाफ थाना लोपोके में दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कर लिया गया है।
उधर, एक अन्य मामले में रमनप्रीत कौर निवासी गांव भड़ियाल की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति मुखविंदर सिंह, ससुर अमरीक सिंह, सास जोगिंदर कौर और ननद चरणजीत कौर निवासी गांव धौल कलां के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया है। आरोपी दहेज में कार की मांग कर रहे थे। थाना घरिंडा पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।