अमृतसर। नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व को समर्पित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बाबा बकाला साहिब में तीन दिन तक चलने वाले समागमों का शुभारंभ पांच हजार सहज पाठों के भोग के साथ हुआ। एक महीने से चल रहे गुरुबाणी पाठ बोध समागम की भी संपूर्णता हुई। विशाल पंडाल में आयोजित गुरमति समागमों के समय बीबी जागीर कौर ने गुरुबाणी पाठ बोध समागम के दौरान संथिया व संपूर्ण सहज पाठ करने वाली संगत को बधाई दी। संगत को गुरु साहिबान की शिक्षा व विचारधारा पर पहरा देने की प्रेरणा भी दी।
बीबी जागीर कौर ने कहा कि एसजीपीसी का उद्देश्य 400वें प्रकाश पर्व को समर्पित गुरुबाणी पाठ बोध समागमों के माध्यम से संगत को सहज पाठ करने के लिए प्रेरित करना है। इससे संगत को गुरुबाणी के शुद्ध उच्चारण की जानकारी मिलेगी। मुख्य समागम अमृतसर में एक मई को होगा। मुख्य समागम से पहले देश भर में अलग-अलग धार्मिक समागमों का आयोजन किया जाएगा। बाबा बकाला में आयोजित तीन दिवसीय समागमों में 17 मार्च को माता गुजरी जी स्त्री गुरमति समागम और 18 मार्च को मुख्य समागम होगा। इस अवसर पर सहज पाठ बोध में हिस्सा लेने वाली संगत को सिरोपा भेंट किया गया। इस मौके पर महासचिव भगवंत सिंह सिल्का, हरजिंदर सिंह धामी, बलजीत सिंह जलाल उस्मा, भाई राम सिंह, कुलवंत सिंह मनन मौजूद थे।