शारजाह से अमृतसर पहुंचे एक यात्री की जांच के दौरान उसके जूतों और कपड़ों में छिपाकर लाया गया सोना मिला। सोने का शुद्ध वजन 150.04 ग्राम निकला, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 22.05 लाख रुपये आंकी गई।
अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग और राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की संयुक्त कार्रवाई में तीन यात्रियों से करीब एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का सोना बरामद किया गया। बरामद सोने को जब्त कर तीनों यात्रियों के खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है।
विज्ञापन
अधिकारियों के अनुसार, विदेशों विशेषकर यूएई से आने वाली उड़ानों पर निगरानी के दौरान यह कार्रवाई की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोने को अलग-अलग तरीकों से छिपाकर भारत लाया जा रहा था। विभाग यह भी जांच कर रहा है कि इन मामलों का संबंध किसी संगठित तस्करी नेटवर्क से तो नहीं है।
तीन मामलों में हुई बरामदगी
पहले मामले में शारजाह से अमृतसर पहुंचे एक यात्री की जांच के दौरान उसके जूतों और कपड़ों में छिपाकर लाया गया सोना मिला। सोने का शुद्ध वजन 150.04 ग्राम निकला, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 22.05 लाख रुपये आंकी गई। दूसरे मामले में एक महिला यात्री के पास से पेस्ट के रूप में छिपाया गया सोना बरामद हुआ। जांच के बाद निकाले गए सोने का कुल वजन 267 ग्राम पाया गया, जिसकी कीमत लगभग 39 लाख रुपये बताई गई।
विज्ञापन
तीसरे मामले में कुआलालंपुर से मेलबर्न होते हुए अमृतसर पहुंचे एक यात्री के पास से 24 कैरेट सोने के दो कड़े और एक चेन बरामद हुई। इनका कुल वजन 484 ग्राम और कीमत 70.66 लाख रुपये आंकी गई। अधिकारियों का कहना है कि तीनों मामलों में बरामद सोने को जब्त कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।