संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। नशा तस्करों के खिलाफ चलाई जा रही कार्रवाई के तहत जिला शहरी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके नाम गुरभेज सिंह, गुरदित्त सिंह, मलकीत सिंह, गुरजीत सिंह निवासी गांव कोटली साका तरनतारन है। इनमें से आरोपी गुरभेज सिंह और गुरदित्त सिंह आपस में बाप-बेटा है।
पुलिस ने इन आरोपियों से 12.06 किलोग्राम हेरोइन, एक अत्याधुनिक पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद की है। यह चारों आरोपी पिछले लंबे समय से नशा तस्करी का धंधा कर रहे हैं। इनके संबंध पाकिस्तान में बैठे तस्करों से हैं। आरोपी पाकिस्तान से ड्रोन से हेरोइन और हथियार मंगवाते थे। इसके बाद राज्य के अलग-अलग जिलों में सप्लाई कर देते थे।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गत दिनों ही इसी मामले से जुड़े से पांच तस्करों को गिरफ्तार कर 8.187 किलोग्राम हेरोइन बरामद की थी। उनमें से तस्कर गुरसेवक सिंह से पूछताछ के बाद इन सभी के बारे में जानकारी मिली। जिसके बाद टीम तैयार की गई और ट्रैप लगाकर चारों को गिरफ्तार किया गया। गुरसेवक सिंह ने खुलासा किया था कि पिता-पुत्र, गुरभेज सिंह और गुरदित सिंह, मलकीत सिंह के साथ मिलकर तरनतारन सेक्टर में ऑपरेशन चला रहे थे। गुरभेज जोकि पाकिस्तान स्थित तस्करों के साथ सीधे संपर्क में था। टीमों ने रेड कर गुरदित्त सिंह और गुरभेज सिंह को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने खुलासा किया कि उसने अपने ही घर में एक मिट्टी के गड्ढे में हेरोइन छुपाई हुई है।
जिसके बाद मौके पर जाकर गड्ढे में से 10 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। इन्हीं आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इनके चौथे साथी गुरजीत सिंह को नामजद कर गिरफ्तार किया गया। गुरजीत सिंह से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही से थाना छेहरटा पुलिस ने 2.06 किलोग्राम हेरोइन, एक प्वाइंट 30 बोर की पिस्तौल और एक मैगजन बरामद किया गया।