बटाला। खजूरी गेट के नजदीक एक निजी अस्पताल के सामने कचरे के ढेर से काले लिफाफे में करीब चार माह का भ्रूण मिला। थाना सिटी की पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल बटाला में भेज दिया है। घटना शनिवार सुबह 9 बजे की है। जानकारी के अनुसार किसी राहगीर ने कूड़े के ढेर में पड़े काले लिफाफे के आसपास कुत्तों का झुंड मंडराते हुए देखा। बदबू आने पर राहगीर को शक हुआ तो उसने पुलिस को सूचित किया एसएचओ सतीश कुमार पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और भ्रूण को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भेजा। सिविल अस्पताल के सीनियर मेडिकल अफसर डॉक्टर संजीव भल्ला ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह भ्रूण करीब 4-5 महीने का है। यह लड़का था या लड़की, इस संबंधी जांच के लिए भ्रूण को अमृतसर के मेडिकल कॉलेज में भेज दिया है। एसएचओ सतीश शर्मा ने बताया कि केस दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।