अमृतसर में पंजाब पुलिस के स्पेशल आपरेशन सेल ने चार तस्करों को गिरफ्तार करके उनसे 24 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हेरोइन की कीमत 120 करोड़ रुपये बताई जा रही है। आरोपियों से सफेद रंग की इनोवा कार भी बरामद की है।
आरोपियों की पहचान जसबीर सिंह उर्फ जस्सा उर्फ घेंट पुत्र दर्शन सिंह तरनतारन, कुलदीप सिंह उर्फ हीरा पुत्र मुखतार सिंह माड़ी कंबोके, अवतार सिंह उर्फ तारी पुत्र गुरभेज सिंह कर्मूवाल और तरसेम सिंह उर्फ पप्पू पुत्र सौदागर सिंह चोहला साहिब के रूप में हुई है।
आरोपियों में जसबीर कैद भुगत रहा है। करीब तीन सप्ताह से वह पैरोल पर आया है। जसबीर को अदालत ने हेरोइन बरामदगी के मामले में 15 वर्ष की सजा सुनाई है।
स्पेशल आपरेशन सेल के एआईजी अश्वनी कुमार ने बताया कि इन तस्करों के अमृतसर हेरोइन लेकर आने की सूचना मिली तो पुलिस ने अमृतसर के गेट वे के पास नाकाबंदी की। पुलिस ने एक सफेद रंग की इनोवा कार नंबर पीबी-11 बीए-6739 को रोक कर तलाशी ली तो कार से 24 पैकेट हेरोइन बरामद हुई।
मौके पर ही चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में जसबीर ने बताया कि वह पैरोल पर बाहर आया है। वर्ष 2010 में डीआरआई ने उससे 54 किलोग्राम हेरोइन लुधियाना के पास पकड़ी थी। इस मामले में उसे 15 वर्ष की कैद हुई थी। वह अमृतसर सेंट्रल जेल में कैद भुगत रहा है।
आरोपियों ने खुलासा किया कि यह हेरोइन की खेप फाजिल्का सेक्टर के पास से पाक सीमा से तस्करी होकर भारत आई है। उन्होंने इस खेप को आगे भारतीय तस्करों तक पहुंचाना था।
जसबीर ने बताया कि वह पैरोल पर रिहा होकर पाकिस्तान के तस्करों के संपर्क में आया और नशा का कारोबार दोबारा शुरू किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।