-राष्ट्रीय सुरक्षा, आंतरिक सुरक्षा और साइबर सुरक्षा में छात्रों को मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण
-
रोपड़। पूर्व डीजी एनआईए और पंजाब के डीजीपी दिनकार गुप्ता ने बुधवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रोपड़ में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस के रूप में पदभार संभाला। गुप्ता आईआईटी में राष्ट्रीय सुरक्षा, आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद निरोधन, खुफिया, साइबर सुरक्षा, रणनीतिक योजना और सार्वजनिक नीति सहित कई क्षेत्रों में छात्रों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेंगे। 37 वर्षों के पुलिसिंग करियर में गुप्ता ने राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर नेतृत्व की भूमिकाएं निभाई हैं। उन्होंने एनआईए के महानिदेशक, डीजीपी पंजाब, डीजी इंटेलिजेंस और केंद्रीय प्रतिनियुक्तियों के रूप में कार्य किया। उनके योगदान के लिए उन्हें भारत के राष्ट्रपति द्वारा कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
आईआईटी रोपड़ में गुप्ता शिक्षा, शोध और नवाचार के संगम पर छात्रों का मार्गदर्शन करेंगे। वे आंतरिक सुरक्षा, एआई संचालित कानून प्रवर्तन, खुफिया विश्लेषण और साइबर आतंकवाद पर शोध परियोजनाओं में संकाय के साथ काम करेंगे। गुप्ता ने जॉर्ज वाशिंगटन यूनिवर्सिटी, अमेरिकन यूनिवर्सिटी और लंदन स्कूल ऑफ़ इकोनॉमिक्स में विजिटिंग प्रोफेसर के रूप में कार्य किया है। उन्होंने स्कॉटलैंड यार्ड, लंदन मेट्रोपॉलिटन पुलिस और न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के साथ प्रशिक्षण लिया और इंटरपोल महासभा में भारत का प्रतिनिधित्व किया। आईआईटी रोपड़ में उनका शामिल होना छात्रों को राष्ट्रीय सुरक्षा और साइबर सुरक्षा के व्यावहारिक ज्ञान के साथ वैश्विक दृष्टिकोण भी प्रदान करेगा, जिससे उन्हें नीति निर्माण और रणनीतिक निर्णयों में महत्वपूर्ण योगदान देने का अवसर मिलेगा। संवाद