अमृतसर। कांग्रेस सरकार में उपमुख्यमंत्री रहे ओम प्रकाश सोनी ने अपनी संपत्तियों का रिकॉर्ड विजिलेंस को सौंप दिया है। विजिलेंस ब्यूरो के अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। पूर्व उपमुख्यमंत्री ओपी सोनी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने संबंधी शिकायत ब्यूरो के पास पहुंची थी। ब्यूरो के एसएसपी वरिंदर सिंह ने उन्हें नोटिस जारी कर अपने दफ्तर में बुलाया था। सोनी को कुछ प्रोफॉर्मे देते हुए इनमें संपत्ति का ब्योरा देने के लिए कहा था। ब्यूरो की ओर से तय समय में दस्तावेज नहीं देने के चलते पूर्व उप मुख्यमंत्री ने और समय की मांग की थी।
जांच में शामिल होने पहुंचे पूर्व उप मुख्यमंत्री ने तब मीडिया को बताया था कि उनकी संपत्ति का रिकॉर्ड तो चुनाव कमीशन के पास मौजूद है। हर बार चुनाव लड़ते समय उन्होंने इस संबंधी ब्योरे संबंधी पूरी जानकारी चुनाव कमिश्नर को प्रोफॉर्मे में दी है। एसएसपी वरिंदर सिंह ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री सोनी द्वारा मुहैया करवाई संपत्ति के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। वहीं उन्होंने संपत्ति के ब्योरे को चुनाव कमीशन को दी गई प्रोफॉर्मे में जानकारी के साथ भी मिलान करवाए जाने की बात कही है।