बटाला में कार ओवरटेकिंग के विवाद के बाद कबड्डी खिलाड़ी गुरमेज की हत्या करने के आरोपी पांचों पुलिस कर्मियों को मंगलवार को बर्खास्त कर दिया गया। पुलिस ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए यह कार्रवाई की है। एसएसपी बटाला रशपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने हत्या के आरोप में अवतार सिंह निवासी कोटला गुजरा, बलकार सिंह निवासी काला बाला, रणजीत सिंह निवासी जलालपुर, बलजीत सिंह निवासी गुमानपुर, सुरिंदरपाल सिंह निवासी मलियां कलां और सिमरत सिंह निवासी काहनूवान रोड बटाला को 31 अगस्त को गिरफ्तार किया था।
आरोपी बलकार सिंह और सुरिंदरपाल सिंह पुलिस जिला बटाला में बतौर हवलदार तैनात हैं और आरजी तौर पर गैर जिले में ड्यूटी कर रहे थे। इसके अलावा अवतार सिंह, रणजीत सिंह और बलजीत सिंह कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर में तैनात हैं। एसएसपी बटाला ने पीएचसी बलकार सिंह और पीएचसी सुरिंदरपाल सिंह को पुलिस विभाग में होते हुए ऐसी अनुशासनहीनता और लापरवाही के कारण बर्खास्त कर दिया है।
बाकी आरोपियों पीएचसी अवतार सिंह अमृतसर सिटी, एएसआई रणजीत सिंह अमृतसर सिटी, एएसआई बलजीत सिंह अमृतसर सिटी को भी कमिश्नर पुलिस अमृतसर द्वारा बर्खास्त कर दिया गया है। एसएसपी ने बताया कि डीजीपी पंजाब की हिदायतों के अनुसार पुलिस विभाग में ‘जीरो टॉलरेशन’ की नीति को हर हालत में बरकरार रखा जाएगा और किसी प्रकार की रिश्वतखोरी, लापरवाही और अनुशासनहीनता से ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
यह है मामला
30 अगस्त की रात को कोटली सूरत मलही में पांच पुलिस कर्मियों ने कार ओवरटेक के विवाद के बाद गांव भगवानपुर के रहने वाले 28 साल के कबड्डी खिलाडी गुरमेज सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में थाना कोटली सूरत मलही में पांच पुलिस कर्मियों समेत 6 लोगों के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। इसके बाद सोमवार को उक्त 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
यह भी देखें: हमारे चैनल को सब्सक्राइब भी करें-