गांव पब्बाराली कलां में राजनीतिक रंजिश के तहत कार सवारों ने बाइक सवार जीजा-साले पर गोलियां चला दीं। दो गोलियां साले की बाजू पर जा लगी। इस कारण वह जख्मी हो गया। उसे डेरा बाबा नानक के अस्पताल के बाद बटाला के सिविल अस्पताल में रेफर कर दिया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही थी।
सिविल अस्पताल में उपचाराधीन हरजिंदर सिंह निवासी खानावल ने बताया कि वह अपने जीजा गुरमीत सिंह के साथ उनके दोस्त की शादी से गांव बलड़वाल से मोटरसाइकिल पर लौट रहा था। जब वह गांव पब्बारांली के पास पहुंचा तो पीछे से आई एक कार में सवार दो युवकों ने कार खड़ी कर उनके ऊपर सीधी गोलियां चलानी शुरू कर दी। दोनों गोलियां उसकी दाहिने बाजू पर जा लगी। उसके जीजा बाल-बाल बच गए। जीजा के शोर मचाने पर वह दोनों युवक कार छोड़कर वहां से फरार हो गए।
हरजिंदर ने बताया कि जख्मी होने पर उसे पारिवारिक सदस्य डेरा बाबा नानक के अस्पताल ले गए। वहां पर उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बटाला के सिविल अस्पताल में रेफर कर दिया गया। हरजिंदर सिंह ने बताया कि गोलियां चलाने वाले दोनों युवक राजनीतिक पार्टी से संबंध रखते हैं। उनकी पिछले चुनाव को लेकर उसके जीजा के साथ रंजिश है। इस कारण वह पहले भी दो बार जिस कारण वह पहले भी दो बार उसके जीजा पर हमला कर चुके हैं। इस संबंधी कई बार पुलिस को शिकायत दे चुके हैं। इस बार भी उन्होंने उसके जीजा पर गोलियां चलाई थीं लेकिन उसे लग गई। हरजिंदर ने यह भी आरोप लगाया कि गोलियां चलाने वाले दोनों युवकों पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं। इस संबंध में थाना डेरा बाबा नानक के अधीन आती पुलिस चौकी मालेवाल में शिकायत दी गई है। पुलिस चौकी मालेवाल के इंचार्ज एएसआई सकत्तर सिंह ने बताया कि वह जख्मी हरजिंदर सिंह के बयान ले रहे हैं। बयान के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।