शहर में वीरवार को दिनदहाड़े कार सवारों ने दो दोस्तों के साथ बाइक पर जा रहे सेवा देवी कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर पर फायरिंग कर दी।
फायरिंग में एक दोस्त गोली लगने से घायल हो गया। वहीं हमलावरों ने प्रोफेसर मारपीट कर घायल कर दिया। घटना की वजह जमीन का विवाद बताया जा रहा है। थाना सिटी पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में असिस्टेंट प्रोफेसर हीरा लाल पुत्र इंदर सिंह निवासी कोल्ड स्टोर वाली गली अमृतसर रोड ने बताया कि वह अपने दोस्त लवप्रीत सिंह व करनजीत सिंह के साथ सेवा देवी कालेज जा रहा था। सरहाली रोड पर स्थित रोही पुल के नजदीक पीछे से आए कार में सवारों ने ओवरटेक कर बाइक रोक ली।
इस पर वह दोनों दोस्तों के साथ सामने के शराब ठेके में घुस गए। हमलावर भी पीछे आ गए और उनके साथ मारपीट करते हुए फायरिंग की। गोली लगने लवप्रीत सिंह घायल हो गया। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। प्रोफेसर ने बताया उसका कुछ लोगों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि इसी विवाद में उन पर हमला किया गया है। सारी घटना ठेके के अंदर व बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर प्रभजीत सिंह ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपियों के बारे सुराग लगाया जा रहा है।