गोली लगने से घायल मनिंदर सिंह अमृतसर में उपचाराधीन।
- फोटो : GURDASPUR
वॉलीबाल मौच के बाद दो पक्षों के बीच हुई तकरार में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के एक खिलाड़ी की पीठ पर गोली मारकर उसे घायल कर दिया। इसके बाद पिस्तौल से हवाई फायरिंग भी की। घायल युवक का अमृतसर के अतनदीप अस्पताल में उपचार चल रहा है। तकरार के दौरान दूसरे पक्ष के घायल युवक को भी अमृतसर में दाखिल करवाया गया है। वहीं पुलिस थाना फतेहगढ़ चूड़ियां ने तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। नामजद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
फतेहगढ़ चूड़ियां के डीएसपी बलबीर सिंह संधू ने बताया कि गांव काला अफगाना में दो टीमों के बीच वॉलीबाल का मैच चल रहा था। इसमें एक टीम मनिंदर सिंह की और दूसरी टीम अनमोल की थी। मैच के दौरान दोनों टीमों ने शर्त रखी कि जो टीम हारेगी वह पूरी की पूरी टीम 15-15 दंड बैठकें लगाएगी। पहले मैच के दौरान मनिंदर सिंह की टीम हार गई। शर्त के अनुसार मनिंदर समेत सारी टीम ने 15-15 दंड बैठकें लगाई। इसके बाद दोबारा मैच नये सिरे से शुरू हुआ। दूसरे मैच में अनमोल की टीम हार गई। शर्त के अनुसार अनमोल समेत सारी टीम को दंड बैठकें लगानी थी। अनमोल को छोड़कर उसकी सारी टीम ने दंड बैठकें लगाई। अनमोल ने दंड बैठकें लगाने से साफ मना कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों में गाली गलौच शुरू हो गया और वे हाथापाई पर उतर आए। इसके बाद ईंट-पत्थर फेंके गए। तकरार के दौरान अनमोल ने अपने दोस्त इंद्रबीर सिंह उर्फ राणा निवासी मंजियावाली को बुला लिया। इंद्रबीर मंजियावाली एक कार में अपने तीन साथियों समेत मौके पर पहुंचा और अनमोल के पक्ष से झगड़े में शामिल हो गया। मनिंदर ने इंद्रबीर को नीचे गिरा दिया। इसी दौरान इंद्रबीर ने अपनी पिस्तौल निकालकर मनिंदर की पीठ पर गोली चला दी। इससे मनिंदर सिंह घायल हो गया। अनमोल ने उसी पिस्तौल से करीब 4 हवाई फायर किए और फरार हो गया। गोली लगने से जख्मी मनिंदर को पहले गुरु नानक अस्पताल अमृतसर में दाखिल करवाया गया। बाद में उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे अमनदीप अस्पताल में भर्ती किया गया। वहां अब वह उपचाराधीन है। मनिंदर सिंह के बयान पर उक्त अनमोल, इंद्रबीर उर्फ राणा समेत पांच युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। डीएसपी ने बताया कि दूसरी तरफ उक्त अनमोल गुरु नानक अस्पताल अमृतसर में दाखिल है, उसे भी चोट आई है। उसके भी पुलिस बयान लेगी। बयान के आधार पर कार्रवाई करेगी।