अमृतसर में श्री अकाल तख्त साहिब ने सनी देओल की फिल्म ‘सिंह साब द ग्रेट’ से ‘साब’ शब्द हटाने का आखिरी मौका दिया है। इसके बाद शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी इस पर रोक लगाने का आदेश जारी कर सकती है।
संत समाज के नेताओं के साथ मंगलवार को बैठक के बाद श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह ने कहा है कि एसजीपीसी के प्रधान अवतार सिंह मक्कड़ इस फिल्म से आपत्तिजनक साब शब्द हटाने के लिए पहले ही कह चुके हैं।
यदि फिल्म में साब शब्द नहीं हटाया जाता है तो उनको सिख कौम का रोष और एसजीपीसी की कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में 22 नवंबर को पांच सिंह साहिबान की बैठक हो रही है। इसमें 22 नवंबर को रिलीज हो रही इस फिल्म पर पाबंदी लगाने पर निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने केंद्र सरकार से फिल्म सेंसर बोर्ड में एसजीपीसी का एक प्रतिनिधि शामिल करने की मांग की है। एसजीपीसी का कहना है कि साहिब शब्द पांच तख्तों के जत्थेदारों और श्री हरमंदिर साहिब के मुख्य ग्रंथी के नाम के साथ ही लगाया जा सकता है। इसलिए फिल्म से इस शब्द को हटाने की बात की जा रही है।