अमृतसर में किसान महापंचायत हुई। महापंचायत में किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल भी पहुंचे थे। डल्लेवाल ने कहा कि मांगे पूरी होने तक किसान आंदोलन चलता रहेगा।
भारतीय किसान यूनियन के नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा है कि विरोध प्रदर्शन करना हमारी जिंदगी का हिस्सा बना गया है। सरकारों की हालत यह है कि विरोध प्रदर्शन किए बिना वह कोई सुनवाई नहीं करती है। सिख धर्म की किस्मत में ही विरोध प्रदर्शन लिखे हैं।
विज्ञापन
डल्लेवाल हरिमंदिर साहिब को जाने वाले रास्ते हेरिटेज स्ट्रीट में पिछले तीन वर्षों से एसजीपीसी अधिकारियों द्वारा गायब किए गए 328 श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूपों के दोषियों को सजा दिलाने की मांग को लेकर चल रहे धरने के समर्थन में पहुंचे। यह धरना सिख सद्भावना दल प्रमुख बलदेव सिंह वडाला की ओर से शुरू किया गया है। धरने के समर्थन में पहुंचे डल्लेवाल ने कहा कि पंजाब सरकार ने किसानों के संघर्ष से नाता तोड़कर किसानों की सुनाई करनी बंद कर दी है। हमारे विरोध को जबरदस्ती समाप्त कर दिया, लेकिन हमारा संघर्ष अभी भी जारी है। भविष्य में भी जारी रहेगा ।
डल्लेवाल ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा में किसानों के 150 गैर राजनीतिक संगठन हैं। इनके प्रतिनिधियों से बातचीत व महापंचायत के बाद ही आंदोलन को तेज करने के लिए कोई अगला कदम उठाया जाएगा। एमएसपी की कानूनी गारंटी लागू होने तक किसान आंदोलन को जारी रखेंंगे। गायब किए गए 328 श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूपों की उच्च स्तरीय जांच एसजीपीसी को करानी चाहिए , लेकिन अफसोस है कि राजनीतिज्ञ इसे लेकर भी राजनीति कर रहे हैं।