श्री खडूर साहिब। चोहला साहिब थाना के अंतर्गत गांव रूढ़ीवाल के किसान मसा सिंह के बेटे अजैब सिंह की दोपहर में उस समय हत्या कर दी गई जब वह अपने घर से खेतों की ओर जा रहा था। बाइक सवार दो हमलावरों ने उसका पीछा किया और रास्ता पूछने के बहाने उसे रोक लिया।
हमलावरों में से एक ने पिस्टल से अजैब सिंह पर चार गोलियां चलाईं। बताया जा रहा है कि किसान अजैब सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के करीब 35 मिनट बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
सब डिवीजन गोइंदवाल साहिब के डीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। हालांकि, हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।