संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। किसान मजदूर-संघर्ष कमेटी ने बाढ़ पीड़ित परिवारों को मुआवजे न मिलने पर रामतीर्थ जोन के अध्यक्ष गुरदीप सिंह की अध्यक्षता में काले घन्नुपूर गांव से शांति मार्च निकाला। इसमें किसान, मजदूर, दुकानदार और बड़ी संख्या में महिलाएं विरोध मार्च में शामिल हुईं। इस मौके पर अध्यक्ष गुरदीप सिंह, निशान सिंह किसान, कृपाल सिंह ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि पंजाब सरकार जिन वादों को लेकर सता में आई थी, उन पर खरा नहीं उतर रही है। बल्कि दिल्ली के कहे अनुसार पहली सरकारों से भी ज्यादा धक्केशाही पर उतर आई है। पंजाब सरकार किसानों को बार बार मीटिंगों में उलझाकर उन्हें गुमराह कर रही है। उन्होंने पंजाब में लगने वाले चिप वाले मीटरों का भी जमकर विरोध किया व कहा कि वह सरकार की इस नीति को कभी कामयाब नही होने देंगे। डटकर इस नीति का विरोध किया जाएगा। उन्होंने लोगों से सरकार की गलत नीतियों के विरोध में 28 व 29 सितंबर को होने वाले रेल रोको आंदोलन में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की।