अमृतसर। गुरुनानक देव यूनिवर्सिटी के गुरु हरगोबिंद एस्ट्रोटर्फ हाकी स्टेडियम में एसजीपीसी स्पोर्ट्स डायेरक्टर बलविंदर सिंह की अगुवाई में शुरू हुए विशेष हॉकी प्रशिक्षण कैंप के दूसरे दिन सीनियर व जूनियर वर्ग की टीमों के नाकआउट मुकाबले शुरू हो गए। चयनकर्ता हॉकी ओलंपियन ब्रिगेडियर हरचरण सिंह व मुख्य कोच एचएस मल्ली की निगरानी में आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ एसजीपीसी की पूर्व महासचिव व सदस्य बीबी किरणजोत कौर और एसजीपीसी सदस्य बावा सिंह गुमानपुरा ने संयुक्त तौर पर खिलाड़ियों से पहचान कर किया।
गुमानपुरा ने कहा कि एसजीपीसी के इस प्रयास से सिख हॉकी खिलाड़ी विश्व खेल मान चित्र पर दोबारा अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहेंगे। उन्होंने कहा कि एसजीपीसी की यह कोशिश प्रशंसा की पात्र है। सिख खिलाड़ियों को इसका लाभ लेना चाहिए। सीनियर वर्ग में पहला लीग मुकाबला फतेहगढ़ साहिब व फरीदकोट की टीमों के मध्य खेला गया।
इस दौरान फरीदकोट की हॉकी अकादमी अपनी विरोधी फतेहगढ़ साहिब की हॉकी अकादमी को दो के मुकाबले चार गोलों से हरा कर विजेता रही। जूनियर वर्ग का मैच अमृतसर हॉकी अकादमी व फरीदकोट हॉकी अकादमी की टीमों के मध्य हुआ। इसमें अमृतसर की टीम अपनी विरोधी फरीदकोट की टीम को दो के मुकाबले तीन गोलों से हरा कर विजेता रहे। इस अवसर पर कोच बलदेव सिंह, कोच मनमिंदर सिंह, भुपिंदर सिंह, गुरमीत सिंह, अवतार सिंह, सुखदेव सिंह कालेके, गुरजीत सिंह, वरिंदर सिंह, प्रेम सिंह, प्रकाश सिंह व सुरेंद्र सिंह मौजूद थे।