अमृतसर। पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार के विधायक व पूर्व आईपीएस अधिकारी (पूर्व आईजी) कुंवर विजय प्रताप सिंह के नाम पर फोन कर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने व्हाट्सएप काल कर कई लोगों से रंगदारी की मांग की। आरोपी ने लोगों को चकमा देने के लिए अपने व्हाट्सएप पर कुंवर विजय प्रताप सिंह की डीपी लगा रखी थी। सिविल लाइन की पुलिस की ओर से अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद मामले में साइबर शाखा ने जांच शुरू कर दी है। डीसीपी मुखविंदर सिंह ने दावा किया है कि आरोपी का पता लगाकर जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मजीठा रोड निवासी अंशुमन खन्ना ने सिविल लाइन पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे ग्रीन एवेन्यू स्थित आम आदमी पार्टी के विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह के कार्यालय में काम देखते हैं। कुछ दिन पहले सिमरप्रीत सिंह नामक युवक ने उन्हें फोन कर बताया कि व्हाट्सएप नंबर पर पूर्व आईजी व आप विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह की फोटो लगाकर उनसे बीस हजार रुपये मांगे गए हैं। खन्ना ने बताया कि कॉल व मैसेज भेजने वाले ने बताया था कि वह इससे पहले कई लोगों से पैसे वसूल चुका है। इस बारे में जब विधायक कुंवर को पता चला तो उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान, डीजीपी गौरव यादव को पत्र लिखकर केस दर्ज करने की मांग की थी। साइबर क्राइम सेल ने जब नंबर को ट्रैक किया तो पता चला कि यह नंबर सेवा में नहीं हैं। जब इस नंबर को ट्रूकालर पर चेक किया गया तो यह किसी सुरेश पंसारी नामक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड पाया गया।