फताहपुर जेल में नशा बेचने का करता था विरोध, दो सप्ताह से दे रहा था धमकियां
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। बठिंडा जेल में बंद नशा तस्कर लाडी डड्ढू ने अमृतसर की फताहपुर जेल में बंद अपने साथियों से एक अन्य हवालाती पर तेजधार हथियारों से हमला करवा दिया। हमलावरों ने चम्मचों को तेजधार हथियार बनाकर वारदात को अंजाम देते हुए नवप्रीत सिंह को जख्मी कर दिया। जख्मी बंदी नवप्रीत को इलाज के लिए गुरु नानक देव अस्पताल में दाखिल करवा दिया गया। बंदी लाडी नवप्रीत सिंह को जेल के अंदर नशीले पदार्थों का कारोबार करने को कह रहा था। जेल प्रशासन मामले को लेकर कुछ भी जानकारी देने से बच रहा है।
केंद्रीय जेल फताहपुर में बंद नवप्रीत सिंह ने बताया कि मारपीट के मामले में वह कुछ महीनों से फताहपुर जेल में बंद है। लाडी उर्फ डड्ढू को पुलिस ने नशे की तस्करी में काबू कर जेल भेजा था। आरोप लगाया कि लाडी का कई जेलों में नशा बिक रहा है। आरोपी जेल से अपने नशे का नेटवर्क चला रहा था। उसे भी नशा बेचने के लिए कहा जा रहा था। कुछ समय बाद लाडी को बठिंडा जेल में ट्रांसफर कर दिया। लाडी जेल में बंद अपने साथियों को व्हाट्सएप पर वीडियो काॅल कर उसे नशा नहीं बेचने पर धमकियां दे रहा था।
जख्मी बंदी ने बताया कि शनिवार रात आरोपी लाडी ने अपने साथियों को काल करके उसकी पिटाई करने को कहा। इसके बाद जेल में बंद उसके साथियों ने तेज करके हथियार बनाए चम्मचों से उसकी पिटाई करते हुई की लाडी को लाइव वीडियो दिखाया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि लाडी ने उसे धमकाया कि अगर उसका कहना नहीं माना तो इसी तरह जेल में उसके साथियों द्वारा पिटता रहेगा। इस्लामाबाद थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरिंदर सिंह ने बताया कि जेल में झगड़ा हुआ है। घायल को गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि इसमें हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।