संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। नारकोटिक्स टास्क फोर्स छेहरटा इलाके से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उससे 15 किलो 400 ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपी की पहचान अटारी कस्बा निवासी प्रभजीत सिंह के रूप में हुई है।
दरअसल, एनटीएफ की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि पाकिस्तान से बड़ी मात्रा में हेरोइन की खेप भेजी गई है जिसे सीमा के इस पार कुछ तस्करों ने रिसीव किया है। उक्त खेप की रविवार को इसकी डिलिवरी होने वाली है। सूचना के आधार पर एनटीएफ की टीम ने छेहरटा इलाके में ट्रैप लगाया। टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक स्विफट कार को रुकने का इशारा किया। आरोपी चालक ने पुलिस टीम को देखकर कार भगाने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने पीछा कर आरोपी को घेर लिया। कार से 15 किलो 400 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी कुख्यात तस्कर है। वह लंबे समय से हेरोइन की तस्करी कर रहा है। आरोपी के पाकिस्तान और विदेशों में बैठे तस्करों के साथ संबंध हैं। वह ड्रोन के जरिये हेरोइन और हथियारों की खेप मंगवाकर पंजाब के अलग-अलग जिलों में सप्लाई करता है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। आरोपी के साथियों को पकड़ने के लिए पुलिस रेड कर रही है।