अमृतसर। कस्बा अजनाला के गांव सुधार में गोलीकांड में घायल हुए डॉ. कुलविंदर सिंह की मौत हो गई। वारदात के 25 दिन बाद सोमवार देर रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉ. कुलविंदर का मेदांता हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। उनकी हालत कई दिन से नाजुक बनी हुई थी।
बता दें कि 12 सितंबर की रात को कुछ गैंगस्टर डॉ. कुलविंदर के क्लीनिक पर पहुंचे थे। इलाज के बहाने अंदर घुसे बदमाशों ने डॉ. कुलविंदर पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गए। गोली लगने से डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल और फिर गंभीर हालत में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया था। बताया जा रहा है कि डॉ. कुलविंदर को वारदात से पहले कई बार गैंगस्टरों की ओर से रंगदारी के लिए कॉल आ रहे थे। उन्होंने रंगदारी देने से इन्कार कर दिया था जिसके बाद यह हमला किया गया। वारदात के बाद इस गोलीकांड की जिम्मेदारी गैंगस्टर जीवन फौजी ने ली थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार रेड कर रही है। डॉ. कुलविंदर की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।