भंगड़े की प्रस्तुति देते छात्र।
- फोटो : संवाद
गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (जीएनडीयू) में जोनल यूथ फेस्टिवल बी जोन पंजाब के प्रसिद्ध नृत्य भंगड़े के साथ संपन्न हो गया। जैसे ही कलाकारों ने स्टेज पर भंगड़ा डालना शुरू किया तो पूरा हाल थिरकने लगा। हाल में मौजूद विद्यार्थी अपनी-अपनी कुर्सियों पर खड़े हो गए और कलाकारों का हौसला बढ़ाते हुए खुद भी भंगड़ा डालने लगे। पूरे हाल में एक अलग ही जोश देखने को मिल रहा था।
यूथ वेलफेयर विभाग के इंचार्ज डॉ. अमनदीप सिंह ने बताया कि बी जोन में गुरदासपुर, दीनानगर, पठानकोट और तरनतारन के अलग-अलग कालेज से आए कलाकारों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। उन्होंने कहा कि इस बी जोन में 36 के करीब आइटमें पेश की गई थी, जिसमें 13 कालेजों के स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया। यूथ फेस्टिवल में ए-डिवीज़न में ओवरऑल चैंपियन स्वामी स्वतंत्रानंद मेमोरियल कॉलेज दीनानगर रहा। जबकि फर्स्ट रनरअप शांति देवी आर्य महिला कॉलेज दीनानगर, सेकंड रनरअप श्री गुरु अंगद देव कॉलेज खड़ूर साहिब रहा।
इसके अलावा बी डिवीज़न में ओवरऑल चैंपियन एस.एल बावा डीएवी कॉलेज बटाला रहा। इसी तरह फर्स्ट रनरअप सिख नेशनल कॉलेज गुरदासपुर, गुरु अर्जुन देव खालसा कॉलेज चोहला साहिब और सेकंड रनरअप माया कॉलेज फॉर वूमेन तरनतारन रहा। प्रो. अमनदीप सिंह ने कहा कि यूथ फेस्टिवल विद्यार्थी जीवन का एक अहम हिस्सा है। इसके जरिए विद्यार्थी केवल अपनी प्रतिभा ही नहीं दिखाते है। बल्कि इससे उनका मानसिक विकास भी होता है जो उन्हें भविष्य में अपने करियर के प्रति गंभीरता से विचार करने और अहम फैसले लेने में मददगार साबित होता है। हर एक विद्यार्थी के अंदर कोई न कोई कला छिपी होती है। केवल उसकी पहचान करने की जरूरत होती है।