एसजीपीसी प्रधान बीबी जगीर कौर।
- फोटो : ANI
पंजाब से वैसाखी मनाने पाकिस्तान गया सिख श्रद्धालुओं का जत्था गुरुवार को स्वदेश लौट आया। इनमें से लगभग 100 श्रद्धालुओं की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शिरोमणि अकाली दल की प्रधान बीबी जगीर कौर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की हिदायतों के अनुसार संक्रमित श्रद्धालुओं को क्वारंटीन किया जाएगा।
सड़क मार्ग से वापस भारतीय सीमा में पहुंचे 816 श्रद्धालुओं में से 100 से अधिक श्रद्धालु कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। डीसी गुरप्रीत सिंह खेहरा के आदेश पर सेहत विभाग की टीम द्वारा उक्त संगत की सीमा पर ही कोरोना जांच की गई, इनमें से 100 से अधिक श्रद्धालु कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिन्हें गुरु नानक देव अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड में एकांतवास में रखा गया है। कोरोना निगेटिव रिपोर्ट वाले बाकी श्रद्धालुओं को उनके घरों के लिए रवाना कर दिया गया है।
श्रद्धालुओं की कोरोना पाजिटिव रिपोर्ट आने से अन्य संगत में दहशत पाई जा रही है। इसके चलते वाघा सीमा पर गुरुवार सारा दिन तनाव का माहौल कायम रहा। इसी दौरान, सेहत विभाग की जांच टीम में से एक डॉक्टर के शराबी हालत में सिख श्रद्धालुओं के कोरोना टेस्ट किए जाने पर श्रद्धालुओं ने इस पर कड़ा एतराज जताया। आपत्ति के बावजूद टीम द्वारा डॉक्टर को टीम से न हटाए जाने के चलते दोनों पक्षों में बहस हो गई। नौबत हाथापाई के बाद मारपीट तक पहुंच गई। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने बीच-बचाव किया।
वैसाखी पर्व पर भारत से कुल 818 श्रद्धालुओं का जत्था 12 अप्रैल को पाकिस्तान गया था, इनमें से 429 श्रद्धालु और शेष 389 श्रद्धालु अन्य सिख संगठनों के माध्यम से पाकिस्तान स्थित गुरुधामों के दर्शनों के लिए गए थे। 2 श्रद्धालुओं के परिजनों की मौत हो जाने के चलते वे यात्रा अधूरी छोड़ लौट आए थे। 22 अप्रैल को बाकी 816 श्रद्धालु लौट आए, जिनमें से 100 से अधिक कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं।