-मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंत्रिमंडल के साथ श्री हरिमंदिर साहिब में टेका माथा
-लाल किले में भव्य समागम के सफल आयोजन के बाद अमृतसर पहुंचकर किया शुकराना
-
अमृतसर। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी का 350वां शहादत वर्ष दिल्ली सरकार पूरे वर्ष समर्पण और श्रद्धा भाव से मनाएगी। इसके तहत बड़े पैमाने पर धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बच्चों के लिए शहीदी से संबंधित विशेष पुस्तकों का प्रकाशन किया गया है, जिन्हें स्कूलों में वितरित कर नई पीढ़ी को गुरु साहिब की अद्वितीय त्याग-परंपरा से अवगत कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोमवार को अपने छह कैबिनेट मंत्रियों और एक विधायक के साथ श्री हरिमंदिर साहिब, श्री दुग्याणा मंदिर और वाल्मीकि तीर्थ में माथा टेकने अमृतसर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि गुरु तेग बहादुर साहिब की शहादत का 350वां स्मृति वर्ष मनाने के लिए दिल्ली के लाल किले, जहां गुरु साहिब ने मानवता के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए थे, वहीं विशाल समागम आयोजित किया गया। दिल्ली सरकार और दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) के सहयोग से हुए इस कार्यक्रम में लाखों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर गुरु साहिब के चरणों में शीश नवाया।
रेखा गुप्ता ने कहा कि समागम से पहले लाल किले के पास आतंकी वारदात हुई थी जिसके कारण सुरक्षा को लेकर चिंता थी लेकिन गुरु साहिब की कृपा से आयोजन बड़े ही शांतिपूर्ण और सफल ढंग से संपन्न हुआ। उसी शुकराने के रूप में वे अमृतसर आकर गुरु घर में नतमस्तक हुई हैं। उन्होंने कहा कि लाल किला-गुरुद्वारा शीशगंज साहिब मार्ग लंबे समय से बंद है जिससे संगत को भारी परेशानी होती है। दिल्ली सरकार जल्द इसका समाधान करवाएगी। साथ ही दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम श्री गुरु तेग बहादुर साहिब के नाम पर रखने के प्रस्ताव पर भी विचार जारी है।
समागम में शामिल हुए मंत्री
मनजिंदर सिंह सिरसा, प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, आशीष सूद, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और डॉ. पंकज कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री के साथ गुरु साहिब के चरणों में नमन किया।