श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने सुप्रीम कोर्ट से 1984 दंगे के चार आरोपियों को जमानत के मामले पर पुनर्विचार करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा सिखों के इन हत्यारों को जमानत देने से देश-विदेश में बैठे सिखों के दिलों को गहरी चोट लगी है। ज्ञानी हरप्रीत सिंह मंगलवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले ने देश में रहने वाले सिखों को बेगानगी को अहसास करवाया है। 35 साल से देश की अलग-अलग जेलों में सजा पूरी कर चुके सिखों की रिहाई सरकार नहीं कर रही, लेकिन दिल्ली दंगों के आरोपियों की जमानत का प्रबंध कर रही है। उन्होंने एसजीपीसी और दिल्ली कमेटी को निर्देश दिए कि वह इस संबंध में वकीलों का एक पैनल बनाकर दिल्ली दंगों के आरोपियों की जमानत रद्द करवाने को प्रबंध करे।