संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। पंजाब पुलिस और दिल्ली पुलिस ने एक संयुक्त आपरेशन कर आतंकवादी लखबीर सिंह लंडा के तीन साथियों को गिरफ्तार किया है। लंडा के तीनों गिरफ्तार साथियों से बड़ी मात्रा में हथियार मिले हैं। दिवाली व त्योहारों के अवसर पर तीनों राज्य में बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने वाले थे।
दिल्ली पुलिस और स्थानीय पुलिस ने ज्वाइंट ऑपरेशन कर कनाडा में बैठे आतंकी लखबीर सिंह लंडा के 3 साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। इनसे पुलिस ने घातक हथियार भी बरामद किए हैं। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों को अमृतसर के एक होटल से गिरफ्तार किया गया। तीनों इस होटल में कई दिन से रह रहे थे। दिल्ली और पंजाब पुलिस की संयुक्त टीम ने जब तीनों आरोपियों के कमरे की तलाशी ली तो तीनों से 3 पिस्टल बरामद हुए हैं। इसके अलावा एक एके 47 राइफल भी बरामद की गई है। अमृतसर पुलिस शुक्रवार को तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल करेगी। बुधवार को ही इनकी गिरफ्तारी के संबंध में पुलिस अधिकारी बड़ा खुलासा करेंगे।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कनाडा में बैठे लखबीर सिंह लंडा के पंजाब व भारत में चल रहे नेटवर्क पर दिल्ली और पंजाब पुलिस की नजर थी। जैसे ही दिल्ली की पुलिस को गुप्तचर विभाग से सूचना मिली कि लंडा के तीन साथी अमृतसर में छुपकर बैठे हैं और व पंजाब में दिवाली के आसपास बड़ी आतंकी घटना को अंजाम दे सकते हैं तो दिल्ली और अमृतसर पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर आरोपियों को पकड़ लिया है।
उल्लेखनीय है कि कनाडा में बैठा आतंकी लंडा पंजाब में दिवाली के आसपास बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। दिल्ली पुलिस ने अधिक जानकारियां जुटानी शुरू कर दी हैं। आरोपियों की पहचान पुलिस शुक्रवार को सार्वजनिक कर सकती है।