गुरुनानक देव यूनिवर्सिटी में लॉ कर रहे दो छात्रों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। ये छात्र मंगलवार की देर रात एक शादी समारोह से कार पर सवार होकर घर लौट रहे थे।
वल्ला बाईपास के नजदीक ट्रक ने इन्हें टक्कर मार दी। दोनों छात्र रात भर कार में ही फंसे रहने के कारण उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल से पोस्टमार्टम कराया है है।
पुलिस के मुताबिक जसपाल सिंह (24) निवासी गांव सक्कियांवाला रइया व व आकाश दीप (21) निवासी गांव चौहान यूनिवर्सिटी के लॉ विभाग में अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहे थे। मंगलवार की रात वेरका-बाइपास पर स्थित एक रिसोर्ट में शादी समारोह में हिस्सा लेने गए थे।
मंगलवार की रात एक बजे शादी समारोह से अपनी सफेद रंग की वरना कार से लौट रहे थे। वेरका-वल्ला बाइपास के नजदीक ट्रक चालक ने गलत दिशा से ओवरटेक करते हुए कार में टक्कर मार दी । कार सड़क पर बने डिवाइडर से टकराती हुई खेतों में जा गिरी।
हादसे के बारे वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों छात्रों के शवों को बाहर निकाला। छात्रों की जेब से आइडी कार्ड के आधार पर इनकी पहचान की गई। इसके बाद छात्रों के मोबाइल नंबर से ही उनके पारिवारिक सदस्यों को हादसे की जानकारी दी गई।
पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव उनके परिजनों हवाले कर दिए हैं। चौकी वल्ला के प्रभारी मदनलाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।