गांव झब्बाल स्थित बाबा जलण जी एवेन्यू निवासी सरकारी बैंक सीनियर मैनेजर निशान सिंह की विधवा 55 वर्षीय रजवंत कौर की सोमवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। महिला का शव घर के बिस्तर पर पड़ा था।
मृतका के दामाद हरप्रीत सिंह निवासी गंडीविंड ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी सास के घर से थोड़ी दूरी पर रहते ब्लाक समिति सदस्य गुरबखश सिंह नामक एक व्यक्ति का सोमवार को उन्हें फोन आया कि उसके द्वारा उसकी सास के घर का बार-बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खोला जा रहा है।
शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। गुरबख्श सिंह आसपास के रहते लोगों की मदद से सीढ़ी से घर के अंदर दाखिल हुआ। उसने देखा कि उसकी सास का शव बिस्तर पर पड़ा था और शव का हाथ रूम हीटर की नंगी तारों के ऊपर था। मृतका के दामाद ने बताया कि वह खुद दो दिन पहले हीटर में नई तारें डालकर आया था। ऐसे में तार में जोड़ का सवाल ही नहीं है।
पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। इस संबंध में डीएसपी दलजीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि मामला संदिग्ध है पुलिस इस मामले में बारीकी से छानबीन कर रही है क्योंकि बिजली का करंट लगने से नाक या मुंह से खून नहीं बहता। इसी दौरान मृतका की बेटी कंवलजीत कौर ने बताया कि रविवार को देर शाम उसकी अपनी मां से करीब एक घंटा तक बात हुई थी। उस समय सब कुछ ठीक था। उसने बताया कि उसकी मां की किसी के साथ दुश्मनी भी नहीं थी।