संवाद न्यूज एजेंसी
गुरदासपुर। बब्बरी बाईपास पर उस समय एक दर्दनाक हादसा घटित हो गया जब एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया, इससे साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, थाना सदर की पुलिस ने एंबुलेंस चालक को गिरफ्तार करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान देसराज निवासी गुरदास नंगल के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक मृतक देसराज सब्जी बेचने का काम करता है मंगलवार सुबह करीब 5 बजे वह घर से सब्जी लेने के लिए मंडी में जा रहा था। जब वह उक्त जगह पर पहुंचा तो एक तेज रफ्तार से आ रही एंबुलेंस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। एंबुलेंस व्यक्ति को करीब 50 फुट तक घसीटती ले गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
उधर, बब्बरी बाईपास पर नाका इंचार्ज एएसआई सतिंदर मसीह ने बताया कि उन्हें किसी राहगीर ने बताया कि उक्त जगह पर दुघर्टना हुई है। इसके बाद वह अपने पुलिस मुलाजिमों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। आरोपी एंबुलेंस चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।