फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amritsar News: अमृतसर के इस्लामाबाद में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग, पति-पत्नी व नौ वर्षीय बच्चा जिंदा जले

Wed, 05 Apr 2023 09:12 PM IST
नवीन दलाल संवाद न्यूज एजेंसी, अमृतसर (पंजाब)

सार

अमृतसर में घर में आग लगने से बड़ा हादसा हुआ है। इस हादसे में नौ साल के बच्चे समेत तीन लोगों की झुलसने से मौत हो गई। हादसा रोज एवेन्यू इलाके में एक घर में आग लगने से हुआ है।
विज्ञापन
आग लगने के बाद घर का दृश्य। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमृतसर के इस्लामाबाद इलाके के रोज एन्क्लेव में बुधवार तड़के करीब चार बजे एक घर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग के कारण परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें तेजिंदर सिंह (40), उनकी पत्नी मनदीप कौर (39) और उनका नौ वर्षीय बेटा दलवंश शामिल है। परिवार के पांच अन्य लोग भी झुलसे। सभी की हालत गंभीर है। घटना के समय परिवार सो रहा था।

विज्ञापन


घर के मुखिया कपड़ा कारोबारी गुरविंदर सिंह यहां दो मंजिला घर में अपने दो बेटों तेजिंदर सिंह और विक्की के साथ रहते हैं। उनकी पुतलीघर स्थित शिमला मार्केट में कपड़े की दुकान है। घर की पहली मंजिल में उनका बेटा विक्की, उसकी पत्नी और पोता सहज, जबकि नीचे की मंजिल में गुरविंदर सिंह, उनकी पत्नी सुखचैन कौर, दूसरा बेटा तेजिंदर, बहू मनदीप, पोता दलवंश और पोती सुखमन रह रहे थे। तड़के चार बजे घर में अचानक आग लग गई। आग की गर्मी से गुरविंदर सिंह की पत्नी सुखचैन कौर उठीं और जल्दी से घर का दरवाजा खोला। उन्होंने बाहर निकल कर शोर मचाया। देखते ही देखते आग पूरे घर में फैल गई। जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

विज्ञापन


किसी को नहीं मिला बाहर निकलने का मौका
आग इतनी भयानक थी कि पूरा घर आग की लपटों से घिर गया। किसी को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक नीचे की मंजिल में सो रहे तेजिंदर सिंह, उनकी पत्नी मनदीप कौर और बेटे दलवंश की मौत हो चुकी थी। आसपास के लोगों ने बताया कि आग की वजह से हर तरफ धुआं फैल गया।

आशंका है कि पहले परिवार के लोग धुएं में दम घुटने से बेहोश हुए और फिर जलकर उनकी मौत हो गई। एएसआई प्रवीण कुमार ने बताया कि आग से गुरविंदर सिंह, उनकी पोती सुखमन कौर, बेटा विक्की, बहू किरण और पोता सहज भी गंभीर रूप से झुलस गए। सभी लोगों को एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। जान गंवाने वाले तीनों लोगों के शवों को पोस्टमार्टम करवा दिया गया है।

विज्ञापन

घर की दीवारों और छतों की पीवीसी बनी काल
गुरविंदर सिंह के घर की दीवारों और छतों पर हुई पीवीसी परिवार के तीन सदस्यों के लिए काल बन गई। पीवीसी के कारण आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कारोबारी ने कुछ साल पहले अपने दो मंजिला घर की दीवारों और छत्तों पर पीवीसी करवाई थी। गुरविंदर सिंह को यह नहीं पता था कि जो पीवीसी अपने घर को सुंदर बनाने के लिए करवा रहा है, वही उनके बेटे, बहू और पोते की जान ले लेगी।

जानकारी के मुताबिक शिमला मार्केट में कपड़े की दुकान करने वाले गुरविंदर सिंह ने कई साल पहले इस्लामाबाद स्थित रोज एनक्लेव में घर बनाया था। दो बेटों और एक बेटी के पिता गुरविंदर सिंह ने अपने तीनों बच्चों की शादी कर दी थी। उन्होंने चार-पांच साल पहले अपने दो मंजिला घर की दीवारों और छत्तों पर पीवीसी करवा दी। गुरविंदर सिंह की पत्नी सुखचैन कौर ने बताया कि बुधवार तड़के उनके घर में लगी आग ने बेटे तजिंदर सिंह, बहू मनदीप कौर और पोते दलवंश सिंह की जान ले ली। घर में पीवीसी होने के चलते ही आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को भी बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें