प्रेसवार्ता के दौरान चोर गिरोह सबंधी जानकारी देते एसएसपी पठानकोट राकेश कौशल।
- फोटो : amarujala
जिला पठानकोट पुलिस ने शहर में चोरियों को अंजाम देने वाले चोर गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है। पुलिस ने गिरोह में शामिल एक सास व दामाद समेत कुल 5 जनों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी एसएसपी पठानकोट राकेश कौशल ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में दी।
एसएसपी ने बताया कि शहर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बाद उन्होंने डीएसपी सिटी मनोज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की थी। यह टीम हाल ही में ढांगू रोड स्थित नैयर मोबाइल शोरूम में हुई चोरी की घटना के सीसीटीवी फुटेज के सहारे जांच कर रही थी।
उन्होंने बताया कि गिरोह का एक चोर बीती 29 मई को नाके के दौरान थाना डिवीजन नंबर दो की पुलिस ने पकड़ा था। उसकी पहचान कर्म सिंह निवासी सुंदर नगर के रूप में हुई थी। उसने पूछताछ में साथियों के नाम बताए। इस पर पुलिस बेलो देवी (कर्म सिंह की सास) निवासी सुंदर नगर, लखविंदर सिंह निवासी शिवाजी नगर, दीपक शर्मा निवासी प्रेम नगर, करन डोगरा निवासी नत्थू नगर को गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी ने बताया कि गिरोह के पास से 2300 नशीली गोलियां, 9 मोबाइल फोन व 1 लैपटॉप बरामद हुई है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड मिलने पर कई और चोरियों के खुलासे की उम्मीद है।