अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने डोनी बल्ल और अमर खब्बेराजपूता गैंग से जुड़े शार्प शूटर बलजिंदर सिंह उर्फ बंटी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से 30 बोर की एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। आरोपी को गुप्त सूचना के आधार पर थाना महिता पुलिस ने मोड़ रखे शाह से पकड़ा है।
एसएसपी अमृतसर देहाती सुहेल मीर और डीएसपी जंडियाला रविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना महिता मे आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया कि बलजिंदर सिंह डोनी बल्ल और अमर खब्बेराजपूता गैंग के लिए शार्प शूटर के रूप में काम करता है और टारगेट किलिंग की वारदातों में शामिल था। आरोपी पर अवैध हथियार और हेरोइन सप्लाई में शामिल होने के भी आरोप हैं।
आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के कुल सात मामले पहले से दर्ज हैं। वह थाना महिता में दर्ज मुकदमा नंबर 113/25 में भी वांछित था, जिसमें तीन किलो से अधिक हेरोइन, एक पिस्टल और ड्रग मनी बरामद की गई थी। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। जल्दी इसकी और भी साथियों को गिरफ्तार किया जा सकेगा।