पंजाब के अमृतसर में पुलिस और गैगस्टर के बीच मुठभेड़ हुई है। शुक्रवार शाम को एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब और अमृतसर देहाती पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर मुठभेड़ के बाद विपिन केशव में वांटेड गैंगस्टर जसवीर सिंह उर्फ लल्ला को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी विदेशी गैंगस्टर हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी जट्ट और बंबीहा गैंग का प्रमुख सदस्य है।
डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के पास से एक विदेशी निर्मित .30 बोर पिस्टल और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि जसवीर को विदेश में बैठे हैंडलर लगातार प्रतिद्वंद्वी गैंगों के सदस्यों को निशाना बनाने के निर्देश दे रहे थे।
एडीजीपी एजीटीएफ प्रमोद बान ने बताया कि आरोपी जुलाई 2024 में परमेंदर सिंह उर्फ प्रिंस की हत्या और फरवरी 2025 में पुलिस पार्टी पर हमले के मामलों में वांछित था। मुठभेड़ के दौरान जसवीर ने पुलिस पर फायरिंग की, लेकिन टीम ने उसे काबू कर लिया।
एसएसपी अमृतसर ग्रामीण मनिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। आगे की जांच जारी है और मामले में अन्य गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है।