पुलिस ने भारत-पाक सीमा के साथ सटे कस्बा अजनाला के गांव लखूवाल में शुक्रवार सुबह चार बजे छापा मारकर अवैध शराब की फैक्टरी पकड़ी है। पुलिस ने दो महिलाओं सहित कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को चकमा देकर चार आरोपी फरार हो गए। एसएसपी ध्रुव दहिया ने बताया कि सूचना मिली थी कि लखूवाल गांव में कुछ लोग अवैध शराब का कारोबार कर रहे है। इसी आधार पर अजनाला और रमदास के थानों से पुलिस फोर्स मंगवाकर गांव में छापा मारा गया।
एक बड़े घर में भट्ठियों पर शराब तैयार की जा रही है। इस काम में पुरुषों के साथ महिलाएं भी लगी थी। एसएसपी ने गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान लखूवाल गांव निवासी राजन, अवतार सिंह, आकाशदीप सिंह की पत्नी राधा, महिंदर सिंह की पत्नी परमजीत कौर, अभी, शमशेर सिंह, सोनू, संदीप सिंह, डेविड मसीह, सन्नी और अमर सिंह के रूप में बताई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह वर्षों से अवैध शराब का कारोबार कर रहे हैं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों से 58 हजार लीटर लाहन, रसोई गैस के छह सिलिंडर, 615 बोतल शराब, नौ चालू भट्ठियां, अफीम के 22 पौधे, 41 ड्रम और पाइप बरामद किए हैं। एसएसपी ने कहा कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। कुछ दिन पूर्व भी पुलिस ने राजासांसी हलके से अवैध शराब की फैक्टरी पकड़ी थी।