लुधियाना में कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला युवती से दुष्कर्म
खुद को स्पोर्ट्स किंग फैक्टरी का जीएम बताने वाले व्यक्ति पर युवती से दुष्कर्म का आरोप लगा है। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी प्रदीप शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
युवती ने पुलिस को शिकायत दी है कि उसने नौकरी के लिए महानगर की स्पोर्ट्स किंग फैक्टरी में अप्लाई किया था। खुद को फैक्टरी का जीएम बताने वाले व्यक्ति ने उसे मिलने के लिए साहनेवाल के पास स्थित होटल में बुला लिया। वहां उसने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया। उसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब वह होश में आई तो आरोपी ने उसे धमकियां दी कि वह इस बारे में किसी को न बताए। किसी तरह से हिम्मत दिखाकर उसने शिकायत पुलिस के पास की। साहनेवाल पुलिस ने जांच के बाद युवती की शिकायत पर जीएम प्रदीप शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। जांच अधिकारी एएसआई गुरमीत सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश में रेड की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।